दिल्ली में 'कोल्ड डे', ऑरेंज अलर्ट जारी, उत्तर भारत में शीतलहर से बढ़ी ठंड

 जीवन अनमोल है , इसे आत्महत्या कर नष्ट नहीं करें !

मास्क लगाकर रहें ! सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें !

संस्कार न्यूज़ @ राम गोपाल सैनी

दिल्ली (संस्कार न्यूज़ ) देश के उत्तरी क्षेत्र में गुरुवार को प्रचंड शीत लहर जारी रही। इसके असर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार ‘ठंडा दिन’ यानी कोल्ड डे रहा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है। ‘ठंडा दिन’ उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होता है।



सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी हिमालय से उठीं बर्फीली हवाएं लगातार दिल्ली में चल रही हैं। आयानगर और रिज मौसम स्टेशनों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस और 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके जरिए विभाग मौसम बहुत बिगड़ा हो तो जरूरी इंतजामों के साथ ही घरों से निकलने की सलाह देता है। दिल्ली में आज भी तापमान और गिर सकता है। दिनभर जबरदस्त ठंड रहेगी और शीतलहर भी चलने का अनुमान है।

पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी से मैदानी इलाकों में गिरा तापमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। आईएमडी मैदानी इलाकों के लिए शीत लहर की घोषणा तब करता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे हो और लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो।

विभाग ने कहा, 'दिल्ली जैसे छोटे इलाके के लिए शीतलहर की घोषणा तब भी की जा सकती है जब उक्त स्थितियां एक दिन के लिए भी बन जाएं।' शहर की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में केलांग, मनाली और कल्पा में पिछले 24 घंटों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किए जाने के साथ शीत लहर की स्थिति बनी रही।

पंजाब और हरियाणा में शुरू हुआ शीतलहर का प्रकोप

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी राज्य हिमाचल में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की कमी आई है। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा।

पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है और गुरुवार को पारा सामान्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में अंबाला, हिसार, करनाल, भिवानी, रोहतक और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.4 डिग्री, 4.2 डिग्री, 4.9 डिग्री, 4.8 डिग्री, 4.4 डिग्री और 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

माउंट आबू में पारा शून्य से एक डिग्री नीचे 

राजस्थान के पयर्टन स्थल माउंट आबू में पारा बुधवार रात एक बार फिर जमाव बिंदु से नीचे चला गया। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, गुरुवार सुबह राज्य के अनेक इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव तापते नजर आए।



मौसम विभाग के अनुसार सीकर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री, चुरू में 2.2 डिग्री, पिलानी में 2.5 डिग्री, गंगानगर में 2.8 डिग्री, बीकानेर में 3.1 डिग्री, फलौदी एवं वनस्थली में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य के ज्यादातर हिस्सों में रात का तापमान नौ डिग्री सेल्सियस से कम बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, राज्य के गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चुरू, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर एवं भरतपुर जिले में आगामी चौबीस घंटे में कहीं-कहीं शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है।

हम सभी किसी ना किसी रूप में जरूरतमंदों की सेवा कर सकते हैं | पड़ोसी भूखा नहीं सोए इसका ध्यान रखें |

" संस्कार न्यूज़ " कोरोना योद्धाओं को दिल से धन्यवाद देता है |

विडियो देखने के लिए -https://www.youtube.com/channel/UCDNuBdPbTqYEOA-jHQPqY0Q 

अपने आसपास की खबरों , लेखों और विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9214996258, 7014468512,9929701157.



Post a Comment

0 Comments