जीवन अनमोल है , इसे आत्महत्या कर नष्ट नहीं करें !
सुबह की शुरुआत माता-पिता के चरण स्पर्श से करें !
संस्कार सृजन @ राम गोपाल सैनी
जोधपुर (संस्कार सृजन) मेजर शैतान सिंह जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में देश के 07 राज्यों के 35 जिला मुख्यालय से होते हुए लद्दाख पहुंचने वाली रेजांगला पराक्रम यात्रा का शुभारंभ जोधपुर से होगा। जिसके लिए उत्तर पश्चिम रेलवे एम्पलाइज यूनियन कार्यालय में मेजर शैतान सिंह के सुपुत्र नरपत सिंह भाटी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।
पराक्रम यात्रा 17 जून 2025 को जोधपुर के पावटा सर्कल से मेजर शैतान सिंह की प्रतिमा का माल्यार्पण कर शुरू की जाएगी। यात्रा के संयोजक तथा शहीद सेवा दल हरियाणा के अध्यक्ष सावन सिंह रोहिल्ला ने बताया कि मेजर शैतान सिंह शताब्दी वर्ष के अंतर्गत निकाली जाने वाली इस यात्रा का शुभारंभ जोधपुर से किया जायेगा तथा द्वितीय पड़ाव झुंझुनू में होगा। उसके बाद में हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब के 35 जिलों से होते हुए रेजांगला युद्ध स्थल (अहीर धाम, लद्दाख) तक जाएगी। जहां से मेजर शैतान सिंह तथा शहीद वीर अहीरों की रक्त रंजित मिट्टी को लाया जाएगा। जिसे नेशनल वॉर म्यूजियम नई दिल्ली में रखा जाएगा।
यात्रा के दौरान विभिन्न जिला मुख्यालय पर जिले में स्थित है रेजांगला युद्ध शहीदों के परिवारों को बुलाकर उनका सम्मान किया जाएगा तथा रेजांगला युद्ध की गौरव गाथा से युवाओं को अवगत करवाया जाएगा। शहीद मेजर शैतान सिंह के पुत्र नरपत सिंह भाटी ने बताया कि युद्ध 1962 में चीन के विरुद्ध लड़ा गया था जिसमें कुमाऊं रेजीमेंट के 114 वीर अहीरों ने मेजर साहब के नेतृत्व में 3000 सैनिकों से युद्ध लड़ा तथा 1000 से अधिक चीनी सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया तथा चीन को सरहद में प्रवेश नहीं करने दिया। यह युद्ध अंतिम सांस और अंतिम गोली युद्ध के नाम से जाना जाता है।
कार्यक्रम के सक्रिय सहयोगी जगदीश यादव ने बताया कि रेजांगला पराक्रम यात्रा शुभारम्भ समारोह का आयोजन जोधपुर के विभिन्न सामाजिक संगठनों को साथ लेकर किया जाएगा। आमजन, स्कूल, कॉलेज के बच्चों को इससे जोड़ा जाएगा। रेजांगला युद्ध को पाठयक्रम में शामिल करवाया जायेगा। कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों तथा पूर्व सैनिकों को बुलाया आमंत्रित किया जाएगा। एडवोकेट रणजीत जोशी ने बताया कि यात्रा की पूर्व संध्या पर अर्थात 16 जून को एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें आमजन, स्कूल कॉलेज के बच्चे, सामाजिक संगठन भाग लेंगे। जागरूकता के लिए स्कूलों /कॉलेजों में व्याख्यान रखे जाएंगे। जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन विशेषकर युवाओं में देश प्रेम की भावना को जगाना तथा रेजांगला युद्ध के इतिहास से अवगत करवाना होगा।
कार्यक्रम के सक्रिय सहयोगी एडवोकेट एन डी निम्बावत ने बताया कि वर्ष प्रयन्त शताब्दी समारोह मनाया जायेगा जिसके द्वारा वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रेजांगला पराक्रम यात्रा के बाद में मेजर शैतान सिंह का शहादत दिवस 18 नवंबर को रेजांगला युद्ध समारोह के रूप में मनाया जाएगा तथा जोधपुर की विभिन्न स्कूल, कॉलेज में रेजांगला युद्ध, मेजर शैतान सिंह के पराक्रम और युद्ध की गौरव गाथा से युवाओं को अवगत करवाया जाएगा या रेजांगला युद्ध के जीवित वीर अहीरों का जोधपुर में सम्मान होगा।
बैठक में रेज़ांगला शहीद गिरधारी लाल यादव के भतीजे नायक सावंत सिंह यादव, जगदीश यादव, कन्हैयालाल, विजय शर्मा, डॉ अजय शंकर यादव, कर्मचारी नेता शंभू सिंह मेड़तिया, राजकुमार चौहान, सूबेदार शेर सिंह, चेतन यादव, संतोष सिंह, विष्णु चंद्र प्रजापत, अभिजीत जोशी, एडवोकेट रणजीत जोशी, एडवोकेट एन डी निम्बावत, समाजसेवी अशोक चौधरी, सरफराज हुसैन, गौरव निम्बावत आदि उपस्थित रहे।
किसी भी कार्यक्रम को लाइव दिखाने के लिए संपर्क करें - 9214996258,7014468512.